राज्य

Uttarakhand News: उत्तराखंड के इस जिले में पहली बार होगी कैबिनेट बैठक, 4 अक्टूबर को बनबसा पहुंचेगी धामी सरकार; NHPC परिसर में जुटेगा मंत्रिमंडल…..

देहरादून. उत्तराखंड सरकार की मंत्रिमंडल बैठक 4 अक्टूबर 2026 को चंपावत जिले के बनबसा में आयोजित होगी. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह जिले में होने वाली यह बैठक सुबह 11 बजे बनबसा स्थित एनएचपीसी परिसर में होगी. देहरादून से बाहर कैबिनेट बैठक आयोजित करने की परंपरा के तहत पहली बार चंपावत जिले को इसके लिए चुना गया है.

बैठक को लेकर सचिवालय स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. संबंधित विभाग प्रस्तावित विषयों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. बैठक में प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के साथ कई प्रस्तावों पर निर्णय लिए जाने की संभावना है.

स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा और परिवहन समेत विभिन्न विभागों के प्रस्ताव बैठक में रखे जा सकते हैं. इनमें नीतिगत फैसलों, विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े विषय शामिल हो सकते हैं.

जिलों में बैठक की परंपरा

उत्तराखंड सरकार समय-समय पर देहरादून से बाहर भी मंत्रिमंडल की बैठकें आयोजित करती रही है. ऐसी बैठकों के जरिए स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा और जिलों से जुड़े विशिष्ट मुद्दों पर निर्णय लिए जाते हैं.

इससे पहले 2010 में निशंक सरकार ने हरिद्वार में हर की पैड़ी पर गंगा प्रदूषण के खिलाफ अभियान के दौरान कैबिनेट बैठक की थी. 2012 में विजय बहुगुणा सरकार के कार्यकाल में चमोली के गैरसैंण में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित हुई थी.

इसके बाद भराड़ीसैंण, गैरसैंण में विधानसभा भवन बनने के बाद वहां कैबिनेट बैठकें और बजट सत्र से संबंधित सरकारी गतिविधियां होती रही हैं.

चंपावत का महत्व

चंपावत उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में स्थित है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का गृह जनपद है. यह जिला सीमावर्ती क्षेत्र में भी आता है, जिसके चलते यहां होने वाली बैठक को विशेष महत्व दिया जा रहा है.

4 अक्टूबर को होने वाली बैठक के बाद सरकार देहरादून से बाहर अन्य जिलों में भी मंत्रिमंडल की बैठकें आयोजित करने की पहल को आगे बढ़ा सकती है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button